द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा चयनित 51,389 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया। इनमें नूतन कुमारी, आरती कुमारी, वर्षा राज, खुशबू कुमारी, पंकज कुमार, सानिया परवीन, काजल कुमारी, आशुतोष आनंद और अन्य शामिल थे।
बता दें कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, "आप सभी खुश रहें, मुस्कुराएं और अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। यह हम सबके लिए गर्व की बात है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा 51,389 शिक्षकों का चयन किया गया है, जिन्हें आज नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं।"इस दौरान उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों का भी उल्लेख किया। सीएम ने बताया कि पिछले साल बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से पहले चरण में 1,20,336 और दूसरे चरण में 94,833 शिक्षकों की बहाली की गई। अब तक कुल 2,68,548 नए शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके अलावा, BPSC द्वारा आयोजित परीक्षा में 42,918 हेडमास्टर्स भी सफल हुए हैं, जिन्हें अगले महीने नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इस प्रकार BPSC द्वारा नियुक्त होने वाले शिक्षकों की कुल संख्या 3,11,466 हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2006-07 से पंचायतों और नगर निकायों के माध्यम से बड़ी संख्या में नियोजित शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी। अब सरकार ने इन नियोजित शिक्षकों को भी सरकारी शिक्षक बनाने के लिए 5 अवसर दिए हैं। इनमें से 2,53,961 नियोजित शिक्षक सरकारी शिक्षक बन चुके हैं।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में कई सुधार किए गए हैं। महिलाओं के उत्थान के लिए विशेष योजनाएं चलाई गईं, जैसे कि स्कूलों में नए कक्षों का निर्माण, पोशाक योजना, साइकिल योजना, और बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गईं। इसके अलावा हर साल शिक्षा पर राज्य के बजट का 22 प्रतिशत खर्च किया जाता है, जिसे और बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को अच्छे से पढ़ाएं और उनके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने शिक्षा विभाग और बिहार लोक सेवा आयोग की भी सराहना की, जिनकी मेहनत से यह आयोजन सफल हुआ। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के प्रभारी मंत्री, विधायकगण और नवनियुक्त शिक्षक भी कार्यक्रम से जुड़े हुए थे।